देहरादून ,
राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी होने के बीच बारिश की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी आशीष सिंह चौहान ने सोमवार रात करीब 10 बजे मौसम संबंधी रिपोर्ट और जिले की विभिन्न तहसीलों से प्राप्त जानकारी की समीक्षा की। इसके बाद स्कूलों में अवकाश के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने अवकाश संबंधी आदेश जारी किया।
प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में मौसम की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ऐसे में मंगलवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक निर्णय लेने की बात कही है।