क्रिकेट फाइनल में नर्सिंग को 15 रन से हराया, बालिका और बालक बास्केटबॉल में भी दर्ज की शानदार जीत
देहरादून ,
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) के खेलोत्सव-2026 में शनिवार को क्रिकेट, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबले खेले गए। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज का दबदबा देखने को मिला। टीम ने क्रिकेट बालिका वर्ग और बास्केटबॉल के बालक एवं बालिका वर्ग में खिताब अपने नाम किए। वहीं, वॉलीबॉल में स्कूल ऑफ नर्सिंग और स्कूल ऑफ पैरामेडिकल एंड एलाइड हेल्थ केयर की टीमों ने जीत दर्ज की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसबीआई बैंक की पथरी बाग शाखा के प्रबंधक हिमांशु रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
क्रिकेट फाइनल में मैनेजमेंट ने 15 रन से दर्ज की जीत
बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कूल ऑफ नर्सिंग के सामने 50 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नर्सिंग की टीम निर्धारित मुकाबले में छह विकेट के नुकसान पर 35 रन ही बना सकी। इस तरह मैनेजमेंट की टीम ने 15 रन से जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
मैनेजमेंट की भावना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बास्केटबॉल में भी मैनेजमेंट की दोनों वर्गों में जीत
बास्केटबॉल बालिका वर्ग का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। इसमें स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने स्कूल ऑफ नर्सिंग को 10-9 से हराकर खिताब जीता। वहीं, बालक वर्ग में भी मैनेजमेंट की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को 16-15 से पराजित किया।
वॉलीबॉल में नर्सिंग और पैरामेडिकल की टीमों ने मारी बाजी
वॉलीबॉल बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ नर्सिंग ने स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज को 15-14 और 15-3 से हराकर जीत दर्ज की।
वहीं, बालक वर्ग में स्कूल ऑफ पैरामेडिकल एंड एलाइड हेल्थ केयर ने शानदार वापसी करते हुए स्कूल ऑफ मैनेजमेंट को 18-21, 21-18 और 15-7 से पराजित किया और खिताबी ट्रॉफी अपने नाम की।
इस अवसर पर खेलोत्सव-2026 के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी, सचिव एसपी जोशी सहित विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
