‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, गणेश गोदियाल के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचे हजारों कार्यकर्ता – uttarakhandawaaz.in

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, गणेश गोदियाल के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचे हजारों कार्यकर्ता

राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेताओं ने भरी हुंकार, लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा का लिया संकल्प

देहरादून ,

दिल्ली में रविवार को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे और रैली में भागीदारी की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

महारैली में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, विधायक तिलकराज बेहड़, विधायक विक्रम सिंह नेगी और पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

गणेश गोदियाल बोले— लोकतंत्र की लड़ाई में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने साबित किया है कि प्रदेश कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई में राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए सत्ता में बने रहने का षड्यंत्र अब देश के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनता के बीच जाएगी और नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर लगाए आरोप

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि दिल्ली में आयोजित महारैली कथित वोट चोरी के खिलाफ जनता के आक्रोश का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी के माध्यम से लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड से हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी यह संदेश देती है कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करने को तैयार है।

महारैली में दिखी उत्तराखंड कांग्रेस की एकजुटता

महारैली में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी को संगठन की एकजुटता और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने प्रदेश संगठन की सामूहिक राजनीतिक रणनीति का संदेश दिया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने संकल्प जताया कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *