देहरादून ,
देहरादून के ऐतिहासिक झंडा मेला के सफलता पूर्वक वा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आज श्री गुरु राम राय दरबार साहब के महंत देवेंद्र दास महाराज से दरबार श्री झंडा साहेब में पहुंच कर मुलाकात कर उन्हें बधाई प्रेषित की और पुष्प गुच्छ देकर उनको सम्मानित किया। इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने महंत देवेंद्र दास महाराज को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की बुनियाद श्री गुरु राम राय दरबार साहब हैं और इस ऐतिहासिक धरोहर को जिस प्रकार से वे न केवल संजो कर रख रहे हैं बल्कि उसके माध्यम से उत्तराखंड ही नहीं वरन देश के अन्य प्रदेशों के लोगों की शिक्षा वा स्वास्थ्य के क्षेत्र में सराहनीय सेवा कर रहे हैं। इस अवसर पर महंत देवन्द्र दास महाराज ने सूर्यकांत धस्माना को आशीर्वाद स्वरुप झंडा साहेब का प्रसाद व झंडा साहेब का इतिहास व श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर महंत ने विश्वविद्यालय की आगामी योजनाओं के बारे में भी जानकारियां साझा की। इस अवसर पर धस्माना के साथ वारियर डिफेंस इंस्टीट्यूट के निदेशक आशुतोष द्विवेदी व देवभूमि मानव संसाधन विकास ट्रस्ट के सदस्य अनुज शर्मा भी शामिल रहे।