ऋषिकेश ,
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का निधन हो गया। हादसा उस समय हुआ जब वह रात्रि ड्यूटी पूरी कर थाना मुनि की रेती से शिवपुरी चौकी लौट रहे थे। उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए गंगा नदी में जा समाई।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन (यूके07-1007) में उपनिरीक्षक विनोद शर्मा अकेले सवार थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन चलाते समय नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव टीम ने राफ्ट की मदद से नदी से शव को बाहर निकाला और सड़क मार्ग तक पहुंचाया।
उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा मूल रूप से रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे। वर्तमान में वह थाना मुनि की रेती क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी चौकी प्रभारी के पद पर तैनात थे। पुलिस विभाग में वह अपनी कर्तव्यनिष्ठा, सरल व्यवहार और मृदुभाषी स्वभाव के लिए जाने जाते थे।
विनोद शर्मा इससे पहले ढालवाला और कैलाश गेट चौकी में भी प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। पुलिस सेवा में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।
उनके आकस्मिक निधन की सूचना से पुलिस विभाग सहित रानीपोखरी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें एक समर्पित, मिलनसार और नेकदिल अधिकारी के रूप में याद किया। बताया जा रहा है कि उनके एक अन्य भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।