सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता पर जोर, डीएम आशीष चौहान ने उचित दर दुकानों के निरीक्षण के दिए निर्देश – uttarakhandawaaz.in

सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता पर जोर, डीएम आशीष चौहान ने उचित दर दुकानों के निरीक्षण के दिए निर्देश

देहरादून ,

सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उचित दर दुकानों की निगरानी के लिए स्थानीय अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

राजकीय अन्न भंडारों का स्वयं निरीक्षण करेंगे अधिकारी

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों को राजकीय अन्न भंडारों का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गोदामों से उचित दर दुकानों को भेजे जाने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि दुकानों तक केवल गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न ही पहुंचे।

डीएम ने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को नियमित निगरानी के माध्यम से व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

एक सप्ताह में देनी होगी निरीक्षण रिपोर्ट

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ ही निरीक्षण और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा है।

उन्होंने जोर दिया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकारी वितरण व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *