देहरादून में सघन चेकिंग अभियान तेज, सीमाओं से लेकर बाजारों तक पुलिस की पैनी नजर

देहरादून ,

आमजन की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए देहरादून पुलिस ने पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस टीमें संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार जांच कर रही हैं।

सीमावर्ती चेक पोस्टों पर बढ़ाई निगरानी

जनपद की सभी सीमावर्ती चेक पोस्टों के साथ-साथ प्रमुख आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच के साथ आवश्यक पूछताछ, पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।

भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की पैनी नजर

पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और पूछताछ भी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य संभावित आपराधिक गतिविधियों को समय रहते रोकना और जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील

दून पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी व्यक्ति या गतिविधि पर संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का फोकस जनपद की सीमाओं के साथ-साथ आंतरिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *