सीएम धामी ने नैनीताल में सुनी जनसमस्याएं, शेर नाला पर 9.93 करोड़ की लागत से बने पुल का किया लोकार्पण

नैनीताल ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद नैनीताल के भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचकर क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता और त्वरित गति से समाधान करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन बाधित हो जाता था। इससे स्थानीय लोगों को लंबी दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था। नवनिर्मित पुल के शुरू होने से क्षेत्रीय जनता के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *