डोईवाला ,
सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को गणपति वेडिंग प्वाइंट, भानियावाला में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी), डोईवाला द्वारा वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 183 लाभार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्रीय जनता को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया और शिविर के सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं तथा स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों के कार्य की प्रशंसा की।
शिविर में कुल 183 नागरिकों (87 पुरुष और 96 महिलाएं) को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। एनसीडी कार्यक्रम के तहत 101 लोगों की उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई। आरसीएच कार्यक्रम के अंतर्गत 28 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 63 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी परामर्श, 57 लाभार्थियों को पोषण एवं देखभाल संबंधी सलाह दी गई तथा 3 एमसीपी कार्ड वितरित किए गए।
निक्षय (टीबी) कार्यक्रम के तहत 111 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई और 16 निक्षय मित्रों का पंजीकरण किया गया। विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत सभी 183 लाभार्थियों को स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 49 एबीएचए (ABHA) आईडी बनाई गईं और 17 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। इसके अलावा शिविर में एचबी, एलएफटी, आरएफटी, लिपिड प्रोफाइल जैसी जांचों के साथ 84 लाभार्थियों के छाती के एक्स-रे भी किए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, डोईवाला के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह रावत ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में शिविर का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शिविर की सफलता में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, लैब तकनीशियनों, फार्मासिस्टों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न टीमों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी शिविरों के माध्यम से आमजन तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।