मुख्यमंत्री धामी ने सिंचाई परियोजनाओं के तहत रिवर प्रोटेक्शन व डीसिल्टिंग कार्यों की समीक्षा की

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सिंचाई परियोजनाओं के अंतर्गत रिवर प्रोटेक्शन कार्यों एवं डीसिल्टिंग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए संभावित बाढ़ से बचाव के लिए सभी सुरक्षा कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के किनारे किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने डीसिल्टिंग और रिवर ट्रेनिंग कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि बरसात के दौरान जन-धन की हानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने वन विभाग को वनाग्नि की रोकथाम के लिए अभी से ठोस और प्रभावी तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक मानव संसाधन और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, वन पंचायतों तथा वन क्षेत्रों से सटे ग्रामीणों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने, फायर लाइनों की समय पर सफाई तथा वन संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वनभूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *