देहरादून ,
पटेलनगर क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार देर रात कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि पटेलनगर क्षेत्र में एक कार में आग लगा दी गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेलनगर से पुलिस बल और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार में लगी आग को बुझाया।
घटना के संबंध में जानकारी करने पर सामने आया कि यूनेश कुमार पुत्र जगदीश निवासी टीएचडीसी कॉलोनी, प्रगतिपुर देहरादून अपनी कार संख्या UK-08-AM-7414 से आईएसबीटी से कारगी चौक की ओर जा रहे थे। कारगी चौक से पहले निशान शोरूम के पास कट पर विपरीत दिशा से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनकी कार डिवाइडर पर चढ़ गई।
इसी दौरान विपरीत दिशा से स्कूटी पर आ रहे दो युवकों से कार सवार लोगों का विवाद हो गया। आरोप है कि स्कूटी सवार दोनों युवकों ने विवाद के बाद आल्टो कार में आग लगा दी, जिससे कार पूरी तरह जल गई।
कार स्वामी यूनेश कुमार ने बताया कि वह गेल कंपनी में कॉन्ट्रेक्टर हैं और सुभाषनगर व दून यूनिवर्सिटी रोड पर उनका कार्य चल रहा है। घटना की रात वह अपने साथी के साथ आईएसबीटी से दून यूनिवर्सिटी रोड की ओर जा रहे थे।
घटना के संबंध में वादी की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार में आग लगाने वाले दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिरासत में लिए गए आरोपी:
- नीरज बिष्ट पुत्र स्व. सोबन सिंह बिष्ट, निवासी नारायण विहार, उम्र 32 वर्ष।
- ईशांत पंवार पुत्र बिजेंद्र पंवार, निवासी आदर्श विहार कारगी, देहरादून, उम्र 35 वर्ष।