हरियाणा के युवकों ने लगाया जानलेवा हमले का आरोप, स्थानीय लोगों ने अभद्रता और शराब के नशे में हुड़दंग का लगाया आरोप
ऋषिकेश ,
ऋषिकेश पुलिस क्षेत्र में हरियाणा से आए युवकों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद का मामला तूल पकड़ गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो फुटेज के आधार पर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सतवीर पुत्र देवा सिंह निवासी ग्राम गुच्जी, थाना पुंडरी, जिला कैथल (हरियाणा) ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई कि 20 मई 2026 को वह अपने साथियों के साथ वाहन से ऋषिकेश घूमने आया था। आरोप है कि काले की ढाल क्षेत्र के पास एक स्कूटी सवार महिला द्वारा वाहन रोकने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसके पश्चात मौके पर एकत्रित लोगों ने उनके और उनके साथियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमला किया।
शिकायत में यह भी कहा गया कि मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं तथा उनकी कार Hyundai Venue को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मामले में पुलिस ने अशोक थापा, नरेश, आयुष, अमित तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार सवार युवक शराब के नशे में थे और उन्होंने एक महिला एवं छोटी बच्ची के साथ अभद्रता की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल से शराब की बोतलें भी मिलीं। कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए नाराजगी भी जताई है।
घटना के दौरान भीड़ का आक्रोश बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।