एसजीआरआर की ऑन्कोलॉजी टीम ने आईएएसओ राष्ट्रीय सम्मेलन में जीते शीर्ष पुरस्कार – uttarakhandawaaz.in

एसजीआरआर की ऑन्कोलॉजी टीम ने आईएएसओ राष्ट्रीय सम्मेलन में जीते शीर्ष पुरस्कार

डॉ. दिव्या सेंगर ने क्विज प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान, डॉ. तेजा को मिला दूसरा पुरस्कार; डॉ. कनिका और विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग भी हुए सम्मानित

देहरादून ,

 श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (एसजीआरआर) के ऑन्कोलॉजी विभाग ने राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का नाम रोशन किया है। लखनऊ में आयोजित इंडियन एसोसिएशन ऑफ सर्जिकल ऑन्कोलॉजी (आईएएसओ) के वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन में विभाग के प्रशिक्षुओं और विशेषज्ञों ने विभिन्न उपलब्धियां हासिल कीं।

एमसीएच ऑन्कोलॉजी के प्रशिक्षु डॉ. दिव्या सेंगर और डॉ. तेजा ने सम्मेलन की क्विज प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, डॉ. कनिका को सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ समीक्षक के रूप में सम्मानित किया गया।

डॉ. पंकज गर्ग को भी मिला सम्मान

एसजीआरआर के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग को आईएएसओ के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर सोसाइटी की पत्रिका में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान चिकित्सा क्षेत्र में उनके अकादमिक योगदान को रेखांकित करता है।

श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने दी बधाई

एसजीआरआर के अध्यक्ष श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले चिकित्सकों और पूरे ऑन्कोलॉजी विभाग को बधाई एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने टीम की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर डॉ. पंकज गर्ग ने अध्यक्ष महोदय के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभाग की बढ़ती पहचान को दर्शाती हैं। साथ ही, यह सफलता संस्थान में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और विशेषज्ञ प्रशिक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रोत्साहित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *