प्रॉपर्टी विवाद में सौतेले भाई ने दी थी हत्या की सुपारी, प्रेमिका की मदद से रची गई साजिश
देहरादून ,
देहरादून पुलिस को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल के नेतृत्व में बड़ी सफलता मिली है। थाना राजपुर पुलिस ने लगभग एक वर्ष पूर्व जाखन क्षेत्र में हुई अजय बटेजा हत्याकांड का खुलासा करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर एवं सुपारी किलर जैकी उर्फ राजन को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर एवं गुण्डा एक्ट सहित डेढ़ दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त पूर्व में भी सुपारी लेकर कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जतिन कुमार निवासी जीएमएस रोड, देहरादून द्वारा थाना राजपुर में सूचना दी गई थी कि उनके ममेरे भाई अजय बटेजा की उनके निवास 58/1 कृष्णा विहार, जाखन में हत्या कर दी गई है। मामले में थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गठित पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को सहारनपुर निवासी कुख्यात अपराधी राजन उर्फ जैकी की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 19 मई 2026 को मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र से अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली।
सौतेले भाई ने रची थी हत्या की साजिश
पूछताछ में सामने आया कि मृतक अजय बटेजा के पास देहरादून और मसूरी में कई संपत्तियां थीं। उसका सौतेला भाई अमित बटेजा संपत्ति में हिस्सा न मिलने से नाराज था। अमित ने आरोपी जैकी को अजय को रास्ते से हटाने के एवज में जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा देने और सहारनपुर गोलीकांड में उसका नाम बचाने का लालच दिया था।
पुलिस के अनुसार 25 मई 2025 को आरोपी जैकी अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ सहारनपुर में अमित बटेजा से मिला, जहां हत्या की पूरी योजना बनाई गई। इसके बाद सभी लोग देहरादून पहुंचे और रात में अजय बटेजा के घर रुके।
योजना के तहत आरोपी ने अपनी प्रेमिका की मदद से अजय बटेजा को अधिक शराब पिलाई और देर रात तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन आरोपी इसमें सफल नहीं हो पाया। पकड़े जाने के डर से आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गया।
सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त जैकी उर्फ राजन पुत्र शिवलाल निवासी उमाही कला, थाना रामपुर मनिहारान, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उस पर शामली, सहारनपुर सहित कई जनपदों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और अवैध वसूली के करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसकी अवैध संपत्तियां भी पूर्व में कुर्क की जा चुकी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस टीम को पुरस्कार की घोषणा
घटना का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को गढ़वाल परिक्षेत्र पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा ₹5,000 तथा एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2,500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।