दूसरे दिन भी देहरादून के निजी चिकित्सालयों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई – uttarakhandawaaz.in

दूसरे दिन भी देहरादून के निजी चिकित्सालयों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

बिना पंजीकरण संचालित एक अस्पताल बंद, चार अस्पतालों व क्लीनिकों को नोटिस

देहरादून ,

माननीय स्वास्थ्य मंत्री, जिलाधिकारी देहरादून एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून के निर्देशों के क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निजी चिकित्सालयों के विरुद्ध निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न निजी अस्पतालों एवं क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान दांतों का अस्पताल बिना पंजीकरण संचालित पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही अस्पताल को बंद कराते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया।

वहीं यश हॉस्पिटल में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

इसके अतिरिक्त सार वेदा क्लीनिक का पंजीकरण नहीं पाया गया, जिसके चलते क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी किया गया।

आयुष्मान हेल्थ केयर क्लीनिक में निरीक्षण के दौरान पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या अधूरी पाई गई, जिस पर विभाग द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

साथ ही दून पल्स केयर क्लीनिक में ओपीडी रजिस्टर मेंटेन नहीं किए जाने की अनियमितता सामने आई, जिसके कारण क्लीनिक प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया।

निरीक्षण टीम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की टीम भी शामिल रही।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने वाले सभी चिकित्सालयों एवं क्लीनिकों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *