नैनीताल पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह, कुमाऊं मंडल के सभी जिलों का करेंगे भ्रमण

नैनीताल ,

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) सरोवर नगरी नैनीताल पहुंचे, जहां लोक भवन पहुंचने पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि कुमाऊं मंडल आगमन पर उन्हें विशेष खुशी और आत्मीय अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि इस बार के नैनीताल लोक भवन प्रवास के दौरान वह कुमाऊं मंडल के सभी छह जिलों का भ्रमण करेंगे और विभिन्न क्षेत्रों में रात्रि प्रवास करते हुए विकास कार्यों तथा स्थानीय गतिविधियों की जानकारी लेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि वह दूरस्थ सीमांत क्षेत्रों और वाइब्रेंट विलेज का भी निरीक्षण करेंगे तथा स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने बताया कि नैनीताल लोक भवन परिसर में “गवर्नर गोल्फ” प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें लगातार बालक-बालिकाओं की भागीदारी बढ़ रही है। विशेष रूप से बेटियों की बढ़ती सहभागिता को उन्होंने सराहनीय बताया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लोक भवन में “एक शाम सैनिकों के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। राज्यपाल ने कहा कि कुमाऊं मंडल में अनेक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल मौजूद हैं और मंदिर माला मिशन के तहत मंदिरों एवं पर्यटन स्थलों का विकास तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का केंद्र है, जहां पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अपने प्रवास के दौरान राज्यपाल स्वयं सहायता समूहों से भी मुलाकात करेंगे और महिलाओं का उत्साहवर्धन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *