देहरादून ,
देहरादून के कोतवाली नगर क्षेत्र में युवती की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर नामित जांच अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने प्रकरण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया।
एसपी मुख्यालय ने पीड़ित परिवार से भेंट कर उनका पक्ष गंभीरतापूर्वक सुना और आवश्यक बयान दर्ज किए। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक तरीके से की जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली नगर और पुलिस चौकी खुड़बुड़ा पहुंचकर प्रकरण से जुड़े अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं और पुलिस रिस्पॉन्स से संबंधित दस्तावेजों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि घटना के समय पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर की गई कार्रवाई और त्वरित प्रतिक्रिया सहित सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। एसपी भदाणे ने दोहराया कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड श्री सुनील कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संवेदनशील प्रकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जांच की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड