देहरादून ,
जिलाधिकारी सविन बंसल एक बार फिर अपनी संवेदनशील कार्यशैली को लेकर चर्चा में हैं। आर्थिक संकट और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रही रायपुर क्षेत्र की एक महिला के लिए डीएम सविन बंसल मसीहा बनकर सामने आए। जिला प्रशासन ने कैंसर पीड़ित परिवार की मदद करते हुए न सिर्फ उनका 71 हजार रुपये का कर्ज चुकाया, बल्कि अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत जरूरतमंद और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में रायपुर विकासखंड के ग्राम मालदेवता निवासी संध्या रमोला ने जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई थी।
संध्या ने बताया कि उनके पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और हिमालय अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। लगातार कीमोथेरेपी और इलाज के चलते वे काम करने में असमर्थ हो गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी के बीच परिवार कर्ज के बोझ तले दब गया।
महिला ने बताया कि स्वयं सहायता समूह और स्वरोजगार के लिए उन्होंने वर्ष 2024 और 2025 में बैंक से कुल 82 हजार रुपये का ऋण लिया था। बीमारी और आर्थिक तंगी के चलते वह किश्तें जमा नहीं कर पाईं, जिसके बाद बैंक द्वारा लगभग 71 हजार रुपये जमा करने का नोटिस जारी किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल मानवीय पहल करते हुए जिला प्रशासन के सीएसआर फंड से पूरी बकाया राशि सीधे ऋण खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित बैंक को परिवार को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने को कहा गया। इसके अलावा रायफल क्लब मद से संध्या रमोला के खाते में डीबीटी के माध्यम से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
डीएम सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन हर जरूरतमंद परिवार तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जिला प्रशासन की इस पहल को आमजन ने संवेदनशील प्रशासन और मानवीय कार्यशैली का उदाहरण बताया है।