तिब्बती मार्केट के आसपास ठेली-रेहड़ी पर प्रतिबंध, वायरल वीडियो की जांच के आदेश

देहरादून ,

नगर निगम देहरादून द्वारा तिब्बती मार्केट के आसपास के क्षेत्र को ‘नो वेंडिंग जोन’ घोषित किए जाने के बाद यहां किसी भी प्रकार की ठेली और रेहड़ी लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है।

पुलिस के अनुसार, इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए समय-समय पर अभियान चलाकर अवैध रूप से लगी ठेली-रेहड़ियों को हटाया जाता है। इसी क्रम में हाल ही में चलाए गए अभियान के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग कार्रवाई के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक उप निरीक्षक से बहस करते दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी पुलिसकर्मी की ओर से किसी प्रकार की गलती या लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *