देहरादून ,
लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून–मसूरी मोटर मार्ग पर किमी-20 के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया है। मौके से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में सड़क पर गहरी दरारें, किनारे का बड़ा हिस्सा धंसता हुआ तथा गहरा गड्ढा साफ दिखाई दे रहा है। इस स्थिति को देखते हुए किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण देहरादून–मसूरी मार्ग के कई हिस्से संवेदनशील हो गए हैं। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की गई है कि प्रभावित स्थान पर तत्काल सुरक्षा बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, यातायात नियंत्रण और स्थायी मरम्मत के कार्य सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि और दुर्घटना को रोका जा सके।
जनहित अपील
- वाहन धीमी गति से चलाएं।
- क्षतिग्रस्त सड़क वाले हिस्से से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- तेज बारिश या रात्रि के समय अनावश्यक यात्रा से बचें।
- प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
लगातार बारिश के मद्देनज़र यात्रियों से अपील है कि यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।