देहरादून ,
उत्तराखंड परिवहन विभाग अब आम जनता को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। विभाग जल्द ही आधार-बेस्ड वेरिफिकेशन सिस्टम शुरू करने जा रहा है, जिससे लोगों को लाइसेंस और वाहन संबंधी दस्तावेजों के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
डिजिटलीकरण को बढ़ावा देते हुए विभाग इस नई व्यवस्था के जरिए अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराएगा। वर्तमान में लाइसेंस रिन्यू, दस्तावेज अपडेट या डुप्लीकेट कॉपी लेने जैसे कार्यों के लिए लोगों को परिवहन कार्यालय जाना पड़ता है, लेकिन नई प्रणाली लागू होने के बाद ये सभी काम घर बैठे किए जा सकेंगे।
परिवहन विभाग के अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह के अनुसार, सारथी पोर्टल से जुड़ी सेवाओं को आधार-बेस्ड वेरिफिकेशन से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) से सहयोग मांगा गया है और अगले 15–20 दिनों में यह सुविधा शुरू होने की संभावना है।
नई व्यवस्था के तहत:
- नया लर्निंग लाइसेंस घर बैठे आवेदन कर बन सकेगा
- लाइसेंस रिन्यू और दस्तावेज अपडेट ऑनलाइन होंगे
- फोटो, सिग्नेचर और अन्य दस्तावेज आधार से स्वतः सत्यापित हो जाएंगे
- ओटीपी के जरिए आसान वेरिफिकेशन होगा
हालांकि, नए ड्राइविंग लाइसेंस या लाइसेंस कैटेगरी में बदलाव के लिए ड्राइविंग टेस्ट देना अनिवार्य रहेगा, जिसके लिए आवेदक को कार्यालय जाना होगा।
इसके अलावा, दस्तावेज एक्सपायर होने से पहले उनका रिन्यूअल, एड्रेस अपडेट, डुप्लीकेट दस्तावेज प्राप्त करना जैसे छोटे-छोटे काम भी अब ऑनलाइन संभव होंगे।
विभाग ने यह भी बताया कि डिजिटल दस्तावेज तुरंत डाउनलोड किए जा सकेंगे, लेकिन हार्ड कॉपी के लिए फिलहाल कार्यालय आना होगा। भविष्य में पोस्टल सेवा के जरिए दस्तावेज घर पहुंचाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, जिसके लिए किसी डिलीवरी कंपनी से करार किया जा सकता है।
नई सेवा शुरू होने के बाद इसकी पूरी जानकारी परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी, जिससे आम लोग आसानी से प्रक्रिया समझकर लाभ उठा सकेंगे।