देहरादून ,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कहा कि इस समय प्रदेश में चारधाम यात्रा जारी है, लेकिन कुछ लोग रील बनाकर इसे राजनीति का मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से अपील की कि वे सरकार या बीकेटीसी का विरोध कर सकते हैं, लेकिन पवित्र यात्रा का विरोध न करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम भगवान शिव का पवित्र स्थल है और सरकार यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने चारधाम यात्रा को सामूहिक आस्था की कठिन यात्रा बताते हुए कहा कि यह उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के लिए लाइफलाइन का काम करती है। इसलिए नकारात्मक प्रचार से बचते हुए यात्रा और यात्रियों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
प्रदेश में गैस संकट नहीं: मुख्यमंत्री
गैस की उपलब्धता को लेकर उठे सवालों पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी प्रकार का गैस संकट नहीं है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से इस विषय पर चर्चा हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इन चुनौतियों का मजबूती से सामना कर रहा है और देश में सामान्य स्थिति बनी हुई है।