देहरादून ,
पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेस-वे) पर सफर करते हुए कहा कि यह “नए भारत की तेज रफ्तार” का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली से देहरादून तक का सफर महज करीब ढाई घंटे में पूरा कर इस आधुनिक सड़क परियोजना का अनुभव साझा किया।
उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में अब यात्रा समय में काफी कमी आई है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। दिनभर दिल्ली में व्यस्त रहने के बाद मुख्यमंत्री ने खुद इस एक्सप्रेस-वे से लौटने का फैसला किया और रात के समय यात्रा का आनंद लिया।
इस इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने के बाद से दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और देहरादून के लोग बड़ी संख्या में इस सड़क पर सफर कर रहे हैं। यह मार्ग अब लोगों के लिए यात्रा के साथ-साथ एक अनुभव बन गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार और विशेष रूप से प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताते हुए कहा कि यह परियोजना आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सड़क और परिवहन सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसका सीधा लाभ उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को मिल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर न केवल यात्रा को आसान और तेज बना रहा है, बल्कि पर्यटन, निवेश और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है। इससे चार धाम यात्रा सहित राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच पहले से अधिक सुगम होगी।
सरकार का मानना है कि इस तरह की परियोजनाएं उत्तराखंड के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगी और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति देंगी।