देहरादून ,
उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरूगेशन ने पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में गढ़वाल और कुमाऊं रेंज के पुलिस महानिरीक्षकों तथा सभी जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों/पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में पुलिस सत्यापन की कार्यवाही, महिला सुरक्षा के लिए संचालित ‘गौरा शक्ति मॉड्यूल’ तथा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा की गई।
एडीजी ने निर्देश दिए कि किरायेदार और घरेलू नौकरों के अनिवार्य सत्यापन को लेकर उत्तराखंड पुलिस अधिनियम 2007 में दिए गए प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सत्यापन के दौरान यदि किरायेदार या घरेलू नौकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करते हैं या उन पर संदेह होता है, तो तत्काल ICJS पोर्टल, NCRC या NAFIS के माध्यम से तकनीकी पुष्टि की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और गेटेड कॉलोनियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही बाहरी राज्यों और अन्य जनपदों को भेजे जाने वाले सत्यापन प्रपत्रों का लगातार फॉलोअप लेने के निर्देश भी दिए गए।
महिला सुरक्षा को लेकर एडीजी ने कहा कि ‘गौरा शक्ति मॉड्यूल’ के बारे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं का पंजीकरण कराया जाए। महिला संबंधी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में महिला चीता पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने महिला और बच्चों से जुड़े सभी आपराधिक मामलों की विवेचना तय समय सीमा में पूरी करने पर भी जोर दिया।
बैठक में ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से गुमशुदा महिलाओं और बच्चों की बरामदगी में पूर्ण संवेदनशीलता और सक्रियता बरतने को कहा गया।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था सुनील कुमार मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था रामचन्द्र राजगुरू और अपर पुलिस अधीक्षक अंकुश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
(मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड)
