देहरादून ,
देहरादून में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना बसंत विहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के पास से 144 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुफरान पुत्र स्व. फुरकान निवासी आजाद कॉलोनी, थाना पटेल नगर, देहरादून (मूल निवासी ग्राम कोट खादर, थाना रायपुर सादात, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह हेरोइन तरुण पाल उर्फ चीनू निवासी थाना पटेल नगर, देहरादून से लेकर आया था और इसे फुटकर में जरूरतमंदों को बेचने की योजना थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंत विहार, देहरादून में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी द्वारा बताए गए अन्य व्यक्ति की तलाश और मामले की जांच जारी है।