देहरादून ,
देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस टीम ने प्रतीतपुर धर्मावाला में चेकिंग के दौरान एक कार से 20 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार वाहन संख्या UK08 U0930 स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी लेने पर उसमें से 18 पेटी ब्लू स्ट्रोक एक्सक्विजिट व्हिस्की (864 पव्वे) और 02 पेटी ब्लू स्ट्रोक अंग्रेजी शराब बरामद हुई। यह शराब हरियाणा-चंडीगढ़ ब्रांड की बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूरण सिंह (40 वर्ष) पुत्र स्व. बुद्ध सिंह, निवासी बद्रीपुर थाना सहसपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी सीज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सहसपुर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।