देहरादून ,
वैश्विक परिदृश्य में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखण्ड सरकार ने खाद्य एवं रसद आपूर्ति की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के लिए अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर देहरादून स्थित उत्तराखण्ड राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र (SEOC) में विभिन्न अधिकारियों और विशेषज्ञों की तैनाती तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक कर दी गई है।
राज्य सरकार के आदेश के अनुसार इन अधिकारियों और विशेषज्ञों की तैनाती का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में खाद्य एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और वितरण प्रणाली की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही खाद्य एवं रसद से जुड़ी सूचनाओं का नियमित संकलन, उनका विश्लेषण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
निर्धारित रोस्टर के तहत तैनात अधिकारी और विशेषज्ञ SEOC में नियमित रूप से उपस्थित रहेंगे। वे प्रतिदिन प्रदेश में खाद्य एवं रसद की स्थिति की समीक्षा करेंगे, आवश्यक सूचनाओं का संकलन और विश्लेषण करेंगे तथा जरूरत पड़ने पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में खाद्यान्न, एलपीजी और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए और स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में खाद्य एवं आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर्याप्त है और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो।