देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ननूरखेड़ा, देहरादून में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद को विजेता ट्रॉफी एवं 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भव्य समापन केवल एक प्रतियोगिता का अंत नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि खेल आयोजन अब गाँव-गाँव, न्याय पंचायतों और दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान देने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उनके अनुसार उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत खेल जगत में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है और फिटनेस जन आंदोलन बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन को इसका सशक्त प्रमाण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर सातवाँ स्थान हासिल किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। राज्य में स्टेडियम, प्रशिक्षण केंद्र और अन्य सुविधाएँ अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी सक्षम हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि सरकार स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान पर कार्य कर रही है, जिसके तहत प्रदेश के प्रमुख शहरों में खेल सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है।