देहरादून ,
मोहब्बेवाला क्षेत्र में आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास मंगलवार सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने IRB फर्स्ट बटालियन की बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। हादसे में IRB के चार जवानों समेत कुल सात लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदा 12 टायरी ट्रक संख्या UK07 CD 8492 सहारनपुर की ओर से आ रहा था। आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही IRB फर्स्ट बटालियन की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क पर पलट गई। इसी दौरान ट्रक की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई।
बस में जवानों समेत सात से आठ लोग सवार बताए जा रहे थे। घायलों में हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, चालक हेड कांस्टेबल हेमपाल सिंह, कांस्टेबल अदीप कुमार, कांस्टेबल प्रदीप राठौर और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल हैं। सभी जवान IRB फर्स्ट बटालियन, बेलपड़ाव, रामनगर के बताए गए हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
दुर्घटना का सामने आया सीसीटीवी फुटेज हादसे की भयावहता को दर्शाता है। फुटेज में टक्कर के बाद बस और ट्रक हाईवे की बैरिकेडिंग के दोनों ओर फिसलते हुए नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।