देहरादून ,
भाजपा प्रदेश कार्यालय में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रस्तावित ‘समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने प्रदेशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं संगठनात्मक कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बैठक में देहरादून महानगर एवं ग्रामीण, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, टिहरी और कोटद्वार क्षेत्र के विधायक, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश टोली के पदाधिकारी, नगर निगम महापौर, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के चौथे चरण की यात्रा प्रारंभ हो रही है। विभिन्न राज्यों से होकर यह यात्रा उत्तराखंड पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि संत रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यात्रा के दौरान संत समाज, विभिन्न सामाजिक वर्गों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को साथ जोड़ते हुए यात्रा का भव्य स्वागत किया जाए। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता और समानता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया था। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाएं आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज को समानता, सम्मान, सहयोग और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि मजबूत राष्ट्र और सशक्त समाज की नींव तभी मजबूत हो सकती है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ आगे बढ़े।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि ‘समरसता संकल्प यात्रा’ के चौथे चरण के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विधायक बृजभूषण गैरोला, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, महामंत्री दीपित रावत, मीना गंगोला, विनोद कुमार, स्वराज विद्वान, देशराज, सुमेरचंद एवं ओमप्रकाश भुजवान सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ‘समरसता संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा संत रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।