देहरादून/सहसपुर ,
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत भुड्डी, सहसपुर में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में दायित्वधारी राज्य मंत्री श्री विश्वास डाबर एवं सहसपुर विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 423 पंजीकरण किए गए और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें 145 मरीजों का ओपीडी पंजीकरण, 118 लोगों की गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग तथा 60 मरीजों की अन्य स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर के दौरान 18 आभा आईडी बनाई गईं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 पंजीकरण किए गए तथा एक लाभार्थी को मौके पर आयुष्मान कार्ड प्रमाण पत्र जारी किया गया। दिव्यांगता पंजीकरण के तहत 4 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से एक दिव्यांगता प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किया गया।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर भी रहा विशेष जोर
शिविर में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 14 गर्भवती महिलाओं और 4 धात्री महिलाओं की जांच की गई। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 22 तथा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 22 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इसके अलावा हड्डी रोग के 10, डॉट्स/टीबी स्क्रीनिंग के 7, नेत्र जांच के 6, मानसिक स्वास्थ्य ओपीडी के 3, एनआईवीएच के 2 तथा कुष्ठ रोग के एक मरीज को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम ने मरीजों को निःशुल्क परामर्श और आवश्यक औषधियां भी वितरित कीं।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी, देहरादून के दिशा-निर्देशन में किया गया। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह डोगरा सहित जिला एवं स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के सफल संचालन में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक श्री अभिषेक रावत, आर.के.एस.के. काउंसलर श्री मुकेश रौतेला, स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारियों, कर्मचारियों और आशा कार्यकत्रियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।