नई दिल्ली/देहरादून ,
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे. पी. नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने चार धाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. रावत ने बताया कि गुजरात दौरे से लौटते समय उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति से अवगत कराया। बैठक में चार धाम यात्रा मार्गों पर बेहतर चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में आधुनिक चिकित्सा इकाइयाँ स्थापित की जा चुकी हैं, जिनका शुभारंभ आगामी यात्रा सीजन में किया जाएगा। यात्रा मार्गों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ चिकित्सकों का एक विशेष पूल भी तैयार किया जा रहा है। इसमें राज्य की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों, राज्य मेडिकल कॉलेजों तथा एम्स ऋषिकेश के चिकित्सकों सहित देशभर के चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी।
आपात स्थितियों से निपटने के लिए एम्स ऋषिकेश, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर और देहरादून की सेवाएं ली जाएंगी। यात्रा के दौरान 108 आपातकालीन सेवा, एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और कार्डियक एंबुलेंस की त्रिस्तरीय व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त डॉ. रावत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत राज्य की ओर से भेजी गई पीआईपी में प्रस्तावित नए कार्यक्रमों के संचालन हेतु अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध भी केंद्रीय मंत्री से किया, जिस पर उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को आगामी चार धाम यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया, जिसे केंद्रीय मंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।