देहरादून ,
डोईवाला क्षेत्र के लालतप्पड़ में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि एक बदमाश जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में सघन कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है।
घायल बदमाशों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी डोईवाला भेजा गया, जहां से उन्हें जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया। मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही एसएसपी देहरादून मौके पर पहुंचे, उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर चिकित्सालय में अधिकारियों से पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल बदमाश हाल ही में दून चिकित्सालय के सामने हुई फायरिंग घटना के मुख्य आरोपी हैं। दोनों के विरुद्ध कोतवाली नगर में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
घटना का विवरण
बुधवार को डोईवाला-लालतप्पड़ क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिली। लालतप्पड़ पर बैरियर लगाकर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।
मौके से बरामदगी
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक स्कूटी, दो तमंचे, जिंदा और खोखे कारतूस बरामद किए हैं।
घायल बदमाशों की पहचान
- सोहेल खान पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी ईसी रोड, करनपुर, देहरादून (25 वर्ष)
- शानू पुत्र नौशाद, निवासी चावला चौक, नालापानी रोड, करनपुर, देहरादून (23 वर्ष)
पुलिस टीम फरार बदमाश की तलाश में जंगल में लगातार कांबिंग कर रही है। वहीं, पूरे देहरादून जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है।