खटीमा ,
भैया दूज पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार सुबह अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे, जहां उनका जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। लोहियाहेड स्थित हेलीपैड पर “धामी जी अमर रहें” और “जय उत्तराखंड” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनता की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन चौहान, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी और एसडीएम तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
हेलीपैड पर जनसंपर्क के बाद मुख्यमंत्री कार द्वारा नगला तराई स्थित अपने निजी आवास के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने परिवारजनों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों से भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास से मनाया। मुख्यमंत्री की माता बिशना देवी, बड़ी बहन नंदी देवी और गांव की महिलाओं ने तिलक लगाकर और सिर पूजकर उनकी दीर्घायु की कामना की।
परिवारिक वातावरण में स्नेह और अपनत्व का माहौल देखने लायक था। मुख्यमंत्री ने परिजनों और ग्रामवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उपहार भी भेंट किए। उन्होंने कहा कि “भैया दूज का पर्व पारिवारिक स्नेह, सम्मान और परंपराओं को जोड़ने का प्रतीक है। प्रदेशवासी आपसी प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को बनाए रखें, यही सच्ची उत्तराखंडी संस्कृति की पहचान है।”