विश्व हृदय दिवस पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश – uttarakhandawaaz.in

विश्व हृदय दिवस पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली को बताया हृदय स्वास्थ्य के लिए जरूरी

देहरादून। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, हृदय रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी देना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं निदेशक प्रोफेसर डॉ. तनुज भाटिया ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित और अनुशासित जीवनशैली बेहद जरूरी है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनाव को नियंत्रित रखना हृदय रोगों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा हृदय से जुड़े किसी भी लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।

कार्डियोलॉजी विभाग के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ प्रो. डॉ. साहिल महाजन, डॉ. रिचा शर्मा, डॉ. अनामिका और डॉ. मयंक अग्रवाल ने भी हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता संदेश दिया। उन्होंने वजन को नियंत्रित रखने, संयमित जीवनशैली अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया।

पोस्टर प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। प्रतिभागियों ने हृदय स्वास्थ्य, हृदय रोगों से बचाव, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर सुंदर एवं प्रेरणादायक पोस्टर प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में दीक्षा और भावना ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, सौरभ ने द्वितीय तथा अरचना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में अस्पताल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। समापन अवसर पर कार्डियोलॉजी विभाग एवं अस्पताल प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए लोगों से अपने साथ-साथ परिवार के सदस्यों को भी हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *