₹55 लाख की साइबर ठगी में STF की कार्रवाई, पंजाब से एक साइबर अभियुक्त गिरफ्तार – uttarakhandawaaz.in

₹55 लाख की साइबर ठगी में STF की कार्रवाई, पंजाब से एक साइबर अभियुक्त गिरफ्तार

ठगी की रकम में से ₹6 लाख आरोपी के खाते में हुए थे जमा, खाते के खिलाफ साइबर अपराध की 6 अन्य शिकायतें भी दर्ज

देहरादून ,

 ₹55.50 लाख की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए एक साइबर अभियुक्त को पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से ₹6 लाख आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे। इसके अलावा आरोपी के बैंक खाते के विरुद्ध साइबर अपराध से संबंधित 6 अन्य शिकायतें भी दर्ज पाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार, पंडितवाड़ी, देहरादून निवासी चुन्नी लाल अग्निहोत्री ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें “SBSBL Community / VIP Community” नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा और खुद को SEBI रजिस्टर्ड सलाहकार बताया।

आरोपियों ने फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डीमैट अकाउंट और नकली CDSL/NSDL दस्तावेज प्रस्तुत कर शिकायतकर्ता का विश्वास हासिल किया। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹55,50,000 जमा कराकर धोखाधड़ी की गई।

मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मु0अ0सं0 56/2025, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई।

मनीट्रेल के जरिए सामने आई आरोपी की भूमिका

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, विवेचना के दौरान ठगी की रकम प्राप्त करने वाले बैंक खातों की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मनीट्रेल खंगाली गई। इसी दौरान सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू, पुत्र चिमन सिंह, निवासी शहीद भगत सिंह नगर, चक मन्नेवाला, थाना सिटी जलालाबाद, जिला फाजिल्का, पंजाब, उम्र 26 वर्ष की संलिप्तता सामने आई।

जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से ₹6 लाख आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे। इसके बाद एसटीएफ टीम ने पंजाब में दबिश देकर आरोपी को फाजिल्का क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा मामले में आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ साइबर ठगी से जुड़े अन्य बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *