देहरादून ,
मानसून के दौरान हुई बारिश से शहर के प्रमुख और आंतरिक मार्गों पर हुए गड्ढों एवं सड़क क्षति को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में 48 प्रमुख एवं आंतरिक मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मार्गवार जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्धारित मार्गों का मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर मौजूद गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों और अन्य आवश्यक मरम्मत कार्यों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार की जाएगी।
प्रमुख मार्गों का होगा निरीक्षण
निरीक्षण के लिए निर्धारित मार्गों में देहरादून-मसूरी मार्ग, राजपुर रोड, हरिद्वार बाईपास, कांवली रोड, मातावाला से कारगी चौक, निरंजनपुर से रिमला बाईपास, बल्लीवाला चौक से आईएसबीटी, पटेलनगर, नेहरू रोड, धर्मपुर, रायपुर, सहस्रधारा रोड, जाखन, चकराता रोड, क्लेमेंटटाउन और प्रेमनगर सहित शहर के कई प्रमुख एवं आंतरिक मार्ग शामिल हैं।
फोटो सहित तैयार होगी रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान चिन्हित किए गए गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़क हिस्सों की फोटो सहित विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। इसके बाद संबंधित सड़क विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से आवश्यक मरम्मत और गड्ढामुक्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
दो दिन में देनी होगी आख्या
प्रशासन ने नामित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की पूरी सूचना और निरीक्षण आख्या दो दिवस के भीतर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), देहरादून को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मानसून के बाद सड़कों की वास्तविक स्थिति का व्यापक आकलन कर जिला प्रशासन का उद्देश्य क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत में तेजी लाना है, ताकि शहर में लोगों का आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।