बारिश थमते ही देहरादून की सड़कों पर शुरू होगा पैचवर्क, हर वार्ड को मिलेंगे ₹10 लाख – uttarakhandawaaz.in

बारिश थमते ही देहरादून की सड़कों पर शुरू होगा पैचवर्क, हर वार्ड को मिलेंगे ₹10 लाख

देहरादून ,

राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कों की स्थिति खराब हो गई है। जगह-जगह सड़कें गड्ढों में तब्दील होने के साथ ही जलभराव की समस्या भी बनी हुई है। बारिश का दौर समाप्त होते ही नगर निगम ने सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क कार्य में तेजी लाने की तैयारी शुरू कर दी है।

देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने बताया कि मौसम साफ होते ही शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों पर मरम्मत और पैचवर्क का कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक वार्ड को 10 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है।

पार्षदों को खराब सड़कों को चिन्हित करने के निर्देश

महापौर ने पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में खराब सड़कों, गड्ढों और अन्य जरूरी मरम्मत कार्यों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। प्राथमिकता के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के चलते फिलहाल पैचवर्क और सड़क मरम्मत के कार्य में दिक्कत आ रही है। बारिश रुकते ही संबंधित कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य

महापौर सौरभ थपलियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रदेश में सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने की समयसीमा तय की गई है। उन्होंने कहा कि देहरादून में निर्धारित समयसीमा से पहले ही आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों और पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क संबंधी समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इससे बारिश के बाद शहरवासियों को खराब सड़कों और गड्ढों से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *