देहरादून .
यूपीएचसी सीमाद्वार की ओर से जीएमएस रोड स्थित साधुराम इंटर कॉलेज में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 153 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें नि:शुल्क दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर में 125 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 30 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड, 20 लोगों की आभा आईडी (ABHA ID), 53 लाभार्थियों की लैब जांच और 114 मरीजों के एक्स-रे किए गए। इसके अलावा बीपी, शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच भी नि:शुल्क की गई। शिविर के दौरान दो दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आमजन को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, यूपीएचसी सीमाद्वार से डॉ. सुषमा दत्ता, पीएचएम वैष्णवी, फार्मासिस्ट इरफान, एएनएम मीना, अर्चना, मूनी, आरजू तथा एक्स-रे तकनीशियन जितेंद्र सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
आईटीआई झाझरा में नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं परामर्श शिविर, 39 बच्चों की RBSK स्क्रीनिंग
देहरादून। सहसपुर ब्लॉक के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) झाझरा में नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की टीम ने 39 बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया।
इसके अलावा कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) ने संस्थान के 15 शिक्षकों की गैर-संचारी रोगों (NCD) के लिए स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी दी गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही विभागीय स्वास्थ्य योजनाओं का नि:शुल्क लाभ पहुंचाना रहा।