सेलाकुई में आयोजित विशाल बहुउद्देशीय शिविर में 500 से अधिक नागरिकों ने उठाया नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

देहरादून,

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा सेलाकुई में एक दिवसीय विशाल “बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर” का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 500 से अधिक नागरिकों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श और विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उठाया।

जय कम्युनिटी सेंटर एवं पीएम श्री शहीद सत्येन्द्र चौहान अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, सेलाकुई के प्रांगण में प्रातः 10 बजे से आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को एक ही स्थान पर नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श, जांच एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराना था। दोपहर तक शिविर में 502 से अधिक ओपीडी पंजीकरण दर्ज किए गए।

शिविर के मुख्य अतिथि उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं वरिष्ठ न्यायाधीश ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया तथा पात्र दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा टीमों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेलाकुई की टीम द्वारा 222 मरीजों, सीमा डेंटल अस्पताल की टीम द्वारा 160 मरीजों तथा ग्राफिक एरा अस्पताल की टीम द्वारा 120 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

टीबी जांच के लिए मोबाइल वैन के माध्यम से 66 एक्स-रे किए गए, जबकि 42 लोगों के विभिन्न पैथोलॉजी ब्लड टेस्ट किए गए। इसके अलावा 70 लोगों का गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) के लिए परीक्षण तथा 20 मरीजों की एनपीसीडीसीएस जांच की गई। नि:शुल्क दवा वितरण सेवा के अंतर्गत 482 मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के तहत नेत्र जांच विभाग द्वारा 60 लोगों की आंखों की स्क्रीनिंग की गई तथा 17 पात्र लोगों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। एनआईईपीवीडी द्वारा 13, ईएनटी विशेषज्ञ द्वारा 27, फिजिशियन द्वारा 15 तथा अस्थिरोग एवं फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों द्वारा 32 मरीजों को परामर्श दिया गया।

दिव्यांगता शिविर में 24 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 05 पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अतिरिक्त 11 लोगों की मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग तथा 20 लोगों की तंबाकू नियंत्रण काउंसलिंग की गई।

मातृ एवं शिशु कल्याण कार्यक्रम के तहत 05 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, 05 महिलाओं को परिवार नियोजन संबंधी परामर्श दिया गया तथा 06 लाभार्थियों को आयरन फोलिक एसिड सिरप वितरित किया गया।

बच्चों के टीकाकरण अभियान के अंतर्गत एचपीवी, एमआर एवं डीपीटी सहित 06 बच्चों का टीकाकरण किया गया। वहीं किशोरावस्था एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 91 बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। पात्र नागरिकों को तत्काल सुविधा प्रदान करते हुए 04 नए आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, डॉ. सचिन, बीपीएम अभिषेक रावत सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अधिकारी, कर्मचारी एवं आशा कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

यह विशाल बहुउद्देशीय शिविर स्थानीय नागरिकों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य, जागरूकता एवं आवश्यक जनकल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *