केंद्रीय विद्यालय एचबीके नंबर-1 में शिक्षक दिवस पर 30 से अधिक सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

पूर्व छात्रों ने एक मंच पर जुटाए विद्यालय के वरिष्ठ गुरुजन

देहरादून,

केंद्रीय विद्यालय एचबीके नंबर-1 (KV HBK No. 1) एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण कार्यक्रम में विद्यालय के इतिहास में पहली बार 30 से अधिक वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षकों को एक साथ एक ही मंच पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का एक विशेष और प्रेरणादायक क्षण तब देखने को मिला, जब 93 वर्षीय जे.पी. सिंह स्वयं गाड़ी चलाकर समारोह में पहुंचे। उनकी जीवंतता और उत्साह ने सभी उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों को अपना अमूल्य आशीर्वाद भी दिया।

एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा शिक्षकों को दिए गए विशेष सम्मान और ‘स्क्रॉल ऑफ ऑनर’ (सम्मान पत्र) को पाकर सभी वरिष्ठ शिक्षक भावुक हो गए। अपने पुराने छात्रों की ओर से मिले इस सम्मान और आदर भाव को देखकर कई गुरुजनों की आंखें नम हो गईं।

इस दौरान शिक्षकों ने कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर अपने छात्रों को सफल, संस्कारी और समाज में बेहतर स्थान पर देखना ही उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि और कमाई है।

समारोह को सफल बनाने में केंद्रीय विद्यालय एचबीके नंबर-1 के प्रधानाचार्य मयंक शर्मा, एलुमनाई एसोसिएशन के महासचिव प्रबोध ममगाईं एवं कोर कार्यकारी समिति के सदस्य भगत दर्शन, कर्नल अमरदीप, ग्रुप कैप्टन रमेश त्रिपाठी और राकेश बडोला ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

एलुमनाई एसोसिएशन के महासचिव प्रबोध ममगाईं ने बताया कि वर्तमान में देहरादून के परिदृश्य में KV HBK एलुमनाई एसोसिएशन एक सक्रिय और कार्यरत यूनिट के रूप में अपनी संस्था एवं गुरुजनों की सेवा के लिए निरंतर समर्पित है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह गुरु और शिष्य के अटूट रिश्ते, सम्मान और संस्कारों की एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *