MDDA की ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली में बड़ा सुधार

तकनीकी खामियों से प्रभावित 399 पत्रावलियों का होगा नियमानुसार निस्तारण, डुप्लीकेट आवेदन रोकने के लिए बनेगा स्थायी सिस्टम

देहरादून ,

 मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने ऑनलाइन प्रणाली में आ रही तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने और इनके कारण आवेदकों को होने वाली परेशानी समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।

तकनीकी त्रुटि से प्रभावित 399 पत्रावलियों का होगा निस्तारण

ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली में तकनीकी त्रुटियों के कारण स्वतः निरस्त अथवा स्वीकृत हुई 399 पत्रावलियों को दोबारा प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन सभी पत्रावलियों का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि तकनीकी समस्या के कारण किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने के साथ आवेदनों की प्रभावी निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

डुप्लीकेट पत्रावलियों की समस्या का होगा स्थायी समाधान

ऑनलाइन प्रणाली में एक ही आवेदन की दोहरी पत्रावली तैयार होने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका स्थायी तकनीकी समाधान विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही लंबित पत्रावलियों की निगरानी के लिए Information & Alert System तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने से पहले संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों की जानकारी और अलर्ट मिल सकेगा। इससे ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी कम करने में मदद मिलेगी।

डिजिटल रिकॉर्ड के लिए सुरक्षित सर्वर और बैकअप सिस्टम

प्राधिकरण के महत्वपूर्ण डिजिटल रिकॉर्ड की सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए Secure Server और Regular Backup System विकसित किया जाएगा।

डिजिटल अभिलेखों को एकीकृत कर आवश्यक जानकारी तेजी से उपलब्ध कराने के लिए AI Based System विकसित करने की योजना पर भी कार्य किया जाएगा। इससे रिकॉर्ड की सुरक्षा बढ़ने के साथ अधिकारियों को जरूरी दस्तावेज और सूचनाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

वित्तीय कार्यों में भी पारदर्शिता पर जोर

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने प्राधिकरण के वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों से कहा गया कि दैनिक वित्तीय प्रविष्टियों का उसी दिन मिलान किया जाए और लंबित वित्तीय विवरणों को तत्काल अपडेट किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

आवेदकों को मिलेगी सरल और पारदर्शी व्यवस्था

MDDA की ऑनलाइन Map Approval Process को अधिक सरल, पारदर्शी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया गया है। प्राधिकरण का उद्देश्य तकनीकी खामियों को दूर कर ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें आवेदकों को अनावश्यक कार्यालयी चक्कर न लगाने पड़ें और उनके आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *