देहरादून ,
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देहरादून में भारत विभाजन की पीड़ा, विस्थापन और उससे जुड़ी स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 अगस्त को दून लाइब्रेरी एवं शोध केंद्र में विभाजन विभीषिका और ऐतिहासिक स्मृतियों पर आधारित तीन दिवसीय विशेष फोटो एवं फिल्म प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। प्रदर्शनी 14 से 16 अगस्त तक सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, संघर्ष और पीड़ा झेलने वाले लाखों लोगों की स्मृतियों और इतिहास के मार्मिक अध्यायों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को उस दौर की परिस्थितियों और विभाजन की मानवीय त्रासदी से परिचित कराना है।
वहीं, 14 अगस्त की शाम 6:30 बजे नगर निगम देहरादून के जुगमन्दर हॉल में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सरोकारों पर आधारित भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रतिभाग करेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाजन की विभीषिका झेलने वाले लोगों को सम्मानपूर्वक कार्यक्रम में आमंत्रित करने तथा उनकी स्मृतियों और अनुभवों को समाज के सामने लाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन केवल इतिहास का अध्याय नहीं, बल्कि लाखों परिवारों से जुड़ी पीड़ा है। नई पीढ़ी को इस इतिहास से परिचित कराने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में वाद-विवाद, क्विज, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा शहर की एलईडी स्क्रीन पर विभाजन विभीषिका से संबंधित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।