देहरादून ,
उत्तराखंड के लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग के बड़े ठेकों को छोटे-छोटे पैकेजों में विभाजित करने का अनुरोध किया।
सतपाल महाराज ने कहा कि बड़े ठेकों को छोटे पैकेजों में बांटने से प्रदेश के स्थानीय ठेकेदारों को अधिक अवसर मिलेंगे और बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे विकास कार्यों में स्थानीय सहभागिता बढ़ने के साथ ही कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी आएगी तथा क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेशहित और स्थानीय युवाओं के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग के बड़े ठेकों को छोटे पैकेजों में विभाजित करने की प्रभावी व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सतपाल महाराज के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक परीक्षण और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।