मसूरी-देहरादून मार्ग पर पिकअप वाहन में युवक का शव मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

मसूरी / देहरादून ,

चौकी कोलूखेत क्षेत्र में ओल्ड मैगी पॉइंट के पास एक पिकअप वाहन में 21 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मनीष कुमार पुत्र दर्शन लाल, निवासी टकराना, कैंपटी, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मनीष कुमार पिकअप वाहन चलाने का कार्य करता था। वह आज तड़के करीब 3:30 बजे पिकअप वाहन संख्या UK07CD7644 से मसूरी से देहरादून के लिए निकला था। सुबह उसके बड़े भाई अनुज भी अपने पिकअप वाहन से देहरादून की ओर जा रहे थे। ओल्ड मैगी पॉइंट के पास उन्होंने मनीष का वाहन सड़क किनारे खड़ा देखा। संदेह होने पर वाहन के पास पहुंचे तो मनीष अंदर फंदे पर लटका मिला।

अनुज ने तत्काल उसे नीचे उतारा और वाहन के अंदर लिटाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट को बुलाकर फोटोग्राफी तथा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *