देहरादून ,
लगातार हो रही बारिश के बीच संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच धारा में बने टापू पर फंसे सात लोगों को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। टीम की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
एसडीआरएफ को रविवार को सीसीआर देहरादून के माध्यम से सूचना मिली कि थाना कैंट क्षेत्र के अंतर्गत संतला देवी मंदिर के पास सात व्यक्ति नदी के बीच बने टापू पर फंस गए हैं और तत्काल रेस्क्यू की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा पोस्ट से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक तेज हो चुका था। चारों ओर से उफनती धारा से घिरे सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में असमर्थ थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
तेज बहाव, फिसलन भरे किनारों और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से टापू तक पहुंच बनाई और सुनियोजित अभियान चलाते हुए सभी सात लोगों को एक-एक कर सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
एसडीआरएफ की त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और पेशेवर रेस्क्यू क्षमता के चलते संभावित जनहानि टल गई और सभी सात लोगों की जान सुरक्षित बचा ली गई।
रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों के नाम:
- मुकेश (35), निवासी बल्लीवाला
- सुशील (36), निवासी सीमा द्वार
- प्रेम कुमार (27), निवासी सीमा द्वार
- रोशन गुप्ता (32), निवासी सीमा द्वार
- राजीव (30), निवासी सीमा द्वार
- पवन सिंह (25), निवासी सीमा द्वार
- सूरज साहनी (30), निवासी सीमा द्वार