देहरादून ,
लगातार हो रही भारी बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिलेभर में पुलिस टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लोगों को सुरक्षित रहने के लिए जागरूक कर रही हैं।
पुलिस द्वारा सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से लगातार चेतावनी दी जा रही है कि वे बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी और नालों के पास न जाएं तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।
पुलिस टीमों ने रात से ही नदी-नालों के किनारे और अन्य संवेदनशील इलाकों में लगातार भ्रमण कर लोगों को सतर्क किया। साथ ही जिन स्थानों पर खतरे की आशंका अधिक है, वहां से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई भी की जा रही है।
दून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक रूप से नदी-नालों के आसपास न जाएं और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस एवं प्रशासन को दें। पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बारिश के दौरान सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।