समाधान दिवस में 194 शिकायतें सुनीं, डीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश

देहरादून,

जन समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने 194 नागरिकों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को लंबित रखना किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगा और सभी विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करें।

समाधान दिवस में भूमि धोखाधड़ी, अतिक्रमण, सीमांकन, ऋण माफी, विधिक सहायता, आर्थिक सहायता और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। डीएम ने इन सभी मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बाल स्वास्थ्य और मातृ सेवाओं पर विशेष जोर

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मधुमेह, हृदय रोग, किडनी रोग, कैंसर और अस्थमा जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों की पहचान कर विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित करने और उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, दूरस्थ गांवों में गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए माइक्रो स्तर की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मानसून से पहले सड़क, पुल और नदी सुरक्षा कार्य तेज करने के निर्देश

मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को शहर के आंतरिक मार्गों के ब्लैकटॉपिंग कार्य, जिले के 11 प्रमुख पुलों की मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य तथा निचले क्षेत्रों में नदियों के चैनलाइजेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर निगम को अवैध डंपिंग जोनों की सूची फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

डार्क स्पॉट खत्म कर महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने पर जोर

महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीएम ने जिले के प्रमुख शहरों और कस्बों में डार्क स्पॉट चिन्हित कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कार्यालयों में स्वच्छता, निष्प्रयोज्य सामग्री की नीलामी तथा लंबित पेंशन और एसीपी मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया।

बुजुर्ग पिता से धोखे से कराई रजिस्ट्री, भरण-पोषण अधिनियम में कार्रवाई के निर्देश

श्यामपुर निवासी रमाशंकर सिंह ने शिकायत की कि उनके सरकारी कर्मचारी पुत्र ने हर माह खर्च देने का आश्वासन देकर मकान की रजिस्ट्री अपनी पत्नी के नाम करा ली, लेकिन अब खर्च देने से इनकार कर रहा है। इस पर डीएम ने एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

85 वर्षीय बुजुर्ग की शिकायत पर जांच के आदेश

मातावाला बाग निवासी 85 वर्षीय सोमप्रकाश ने मकान और नगर निगम भूमि पर अवैध कब्जे तथा धन उगाही की शिकायत की। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर आयुक्त को जांच के निर्देश दिए।

बैंक ऋण स्वीकृति प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल

एक मामले में आवेदक ने मकान ऋण चुकाने में असमर्थता और बैंक द्वारा नीलामी नोटिस जारी किए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने बैंक की ऋण स्वीकृति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए एडीएम और लीड बैंक अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने पूछा कि यदि आवेदक ऋण चुकाने में सक्षम नहीं था तो बैंक ने ऋण किस आधार पर स्वीकृत किया।

इसके अलावा राजेश्वर नगर की जल निकासी समस्या, बालावाला पेयजल योजना, ऋषिकेश क्षेत्र की भूमि विवाद शिकायतों, पर्यटन विभाग की भूमि के कथित अवैध विक्रय तथा ठाकुरपुर खेल मैदान की सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एडीएम (प्रशासन) स्मृता परमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *