पुष्कर सिंह धामी के निर्देश: 15 जून तक सीएम घोषणाओं पर शासनादेश जारी करें

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लंबित घोषणाओं के शासनादेश 15 जून 2026 तक हर हाल में जारी किए जाएं और इसके लिए पी.ई.आर.टी. चार्ट तैयार किया जाए।

शनिवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्रों यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार की घोषणाओं की समीक्षा की। उन्होंने बिजली, पेयजल, वनाग्नि, सड़क और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिकाओं के लिए छात्रावास बनाए जाएंगे। इसके लिए ऐसे विद्यालयों को चिन्हित किया जाएगा, जहां छात्राओं की संख्या अधिक है और वहां आवश्यक भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने रघुनाथ मंदिर, कोट ब्लॉक स्थित लक्ष्मण मंदिर और फलस्वाड़ी स्थित सीता माता मंदिर को धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए, ताकि पर्यटन और आस्था दोनों को बढ़ावा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग और जिलाधिकारियों को केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्तावों को केंद्र सरकार के मानकों के अनुरूप तैयार कर शीघ्र भेजने को कहा। साथ ही पौड़ी में युवाओं के लिए मल्टीपरपज हॉल निर्माण के निर्देश भी दिए, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिल सके।

उन्होंने कहा कि विधायकगणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। रोपवे परियोजनाओं की अलग से समीक्षा, पार्किंग समस्याओं का समाधान और सरकारी कार्यालयों में सोलर पैनल लगाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *