पुष्कर सिंह धामी से आंगनबाड़ी कर्मियों की मुलाकात, मानदेय बढ़ाने पर सकारात्मक संकेत

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सेविका और मिनी कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। संगठन की अध्यक्ष रेखा नेगी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न मांगें और समस्याएं रखीं।

बैठक में आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय, कार्य परिस्थितियों और लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के पोषण, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनके मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से बताया गया कि मानदेय वृद्धि के लिए केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया गया है और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं। विभाग द्वारा आंगनबाड़ी सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के बाद संगठन ने प्रस्तावित हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है, जिससे राज्यभर में आंगनबाड़ी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका टल गई है। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेगी।

बैठक में मुख्यमंत्री सचिव शैलेश बगोली, विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार तथा निदेशक बी. एल. राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *